परिषदीय विद्यालयों में कम छात्र संख्या मिलने का मामला एडी बेसिक कार्यालय तक पहुंच गया। उनके निर्देश पर बीएसए ने कम छात्र संख्या वाले 101 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को नोटिस जारी करते हुए एक सप्ताह में जवाब मांगा है। साथ ही संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है।
सर्व शिक्षा अभियान के तहत परिषदीय विद्यालयों में छात्रों के लिए चल रही कई योजनाओं के बाद भी छात्र संख्या शत प्रतिशत न होना विभाग के चुनौती बन गया है। एमडीएम के दैनिक अनुश्रवण प्रणाली से मिली जानकारी के अनुसार जनपद के 101 ऐसे विद्यालय है जहां पर छात्रों की उपस्थिति 35 प्रतिशत है या इससे कम है। पिछले दिनों में एडी बेसिक बस्ती मंडल की बैठक में दैनिक अनुश्रवण प्रणाली सूची उनके समक्ष रखी गई थी। जिस पर वे काफी नाराज हुए थे। उन्होंने समस्त प्रधानाध्यापकों को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। एडी बेसिक के निर्देश के बाद बीएसए ने ने बघौली ब्लॉक के नौ, बेलहर कला के 13, हैंसर के नौ, खलीलाबाद के 26, मेंहदावल के छह, नाथनगर के नौ, पौली के एक, सांथा के 11 और सेमरियावां ब्लॉक के 17 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को नोटिस जारी किया गया है।
प्रधानाध्यापकों से 14 अक्टूबर तक स्पष्टीकरण देने का निर्देश के साथ ही यह कहा गया है कि यदि सूची में नाम गलत अंकित है तो दैनिक अनुश्रवण प्रणाली पर प्राथमिकता के आधार पर दर्ज कराएं, यदि निर्धारित समय में स्पष्टीकरण नहीं मिलता है तो विभागीय कार्रवाई होगी। प्रभारी बीएसए शिव कुमार ओझा ने बताया कि विद्यालयों में कम छात्र संख्या मिलना गंभीर मामला है। कम छात्र संख्या वाले 101 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को नोटिस जारी किया गया है। एक सप्ताह में जवाब मांगा गया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।