मगहर रेलवे स्टेशन मृतक इंजीनियर के रोते बिलखते परिजन।
- फोटो : KHALILABAD
ट्रेन से कटकर सीनियर सेक्शन इंजीनियर की मौत
- आमी नदी पुल पर ट्रैक पर खड़े होकर दे रहे थे निर्देश
- गोरखधाम एक्सप्रेस की चपेट में आए
अमर उजाला ब्यूरो
मगहर। रेलवे स्टेशन मगहर के पूरब आमी नदी पर रेलवे ट्रैक पर कार्य करा रहे सीनियर सेक्शन इंजीनियर शंकर दयाल मिश्र की गोरखधाम एक्सप्रेस की चपेट में आने से सोमवार को मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना पर रेलवे के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। घटना स्थल पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मगहर रेलवे स्टेशन के अधीक्षक दिवाकर ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर मरम्मत का कार्य चल रहा था। मऊ जनपद के मूल निवासी शंकर दयाल मिश्र रेलवे में सीनियर सेक्शन इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। जिनका कार्य क्षेत्र चुरेब स्टेशन से गोरखपुर स्टेशन के बीच था। वह सोमवार को मगहर रेलवे स्टेशन से पूरब आमी नदी के ऊपर बने रेलवे पुल के पास ट्रैक का काम करा रहे थे। इसी दौरान दिल्ली से गोरखपुर आ रही डाउन गोरखधाम एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। घटना की सूचना रेलवे के उच्च अधिकारियों के साथ ही जीआरपी खलीलाबाद को भी दी गई। रेलवे स्टेशन मगहर के रेलवे क्वार्टर में रह रहे उनके परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना पर रेलवे के सहायक सुरक्षा आयुक्त डॉ. श्रेयांश चिचवाड़े, आरपीएफ निरीक्षक बस्ती नरेंद्र यादव, एईएन वीपी सिंह, एमएससीई मजहर हुसैन, जीआरपी के कमलेश यादव के साथ ही नरमू के अध्यक्ष एसपी सिंह, संयुक्त मंत्री ओमकार सिंह आदि घटना स्थल पर पहुंच गए। मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेते हुए पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।