- जिला कृषि अधिकारी ने धनघटा क्षेत्र के उमरिया बाजार दौलतपुर में मारा छापा
- किसानों की सूचना पर की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। बिना लाइसेंस के धनघटा क्षेत्र के उमरिया बाजार दौलतपुर में किसानों को बेचने के लिए रखे गए बीज के गोदाम को बुधवार को जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार यादव ने सील कर दिया।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार यादव ने बताया कि किसानों ने सूचना दी कि उमरिया बाजार दौलतपुर में एक गोदाम है, जहां बीज को बिक्री के लिए स्टोर किया गया है। सूचना के आधार पर गोदाम का निरीक्षण किया गया। जहां पर रामदीन के मकान में गेहूं की प्रजाति आरबीएम 203 के 144 बैग (21.60 कुंतल) सरसों की प्रजाति आरबीएम 19 की 61 पैकेट 30.5 किलोग्राम बीज पाया गया।
ये बीज आरबीएम शीड 30-2/14 हैदराबाद की 500056 कंपनी की है। संबंधित कंपनी से बीज प्राधिकार पत्र की मांग की गई लेकिन गोदाम मालिक द्वारा अभिलेख उपलब्ध नहीं कराया गया। इसके बाद बीज का नमूना गृहीत कर बीज को रामदीन के मकान के एक कमरे में सील कर दिया गया और उसकी सिक्योरिटी राधेश्याम को दी गई है।
कार्रवाई के समय वहां पर किसान कन्हैया यादव, आयुष यादव मौजूद रहे। किसानों से अपील की है कि जिले में गांव-गांव में घूम कर कंपनियों द्वारा सर्वे किया जा रहा है। सर्वे कर बीज की मांग बुक की जा रही है। ऐसी कंपनियों से सावधान रहें। बाहरी कंपनियों के प्रतिनिधियों के माध्यम से बीज की बुकिंग न करें और न ही बीज का क्रय करें। इस प्रकार की किसी प्रकार की सूचना संज्ञान में आती है तो जिला कृषि अधिकारी एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को तत्काल सूचित करें।