संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। शुक्रवार को करमैनी-बेलौली बांध का एसडीएम अरूण कुमार ने निरीक्षण किया। बांध मरम्मत और लगाए जा रहे खंड़जे को देखा। लोगों से मिलकर बाढ़ आने पर होने वाली समस्याओं की जानकारी ली। एसडीएम ने कहा कि जो भी कार्य चल रहे हैं, उसे समय से पूरा कर लें। लोगों ने एसडीएम को बताया कि बाढ़ के समय समस्त फसल पानी में डूब जाती है। घरों में पानी भर जाता है। गांव से बाहर निकलना मुश्किल होता है। एसडीएम ने कहा कि बाढ़ रोकने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।
उपजिलाधिकारी अरूण कुमार ने कहा कि सभी रैट होल समय रहते भर लें। सड़क किनारे जो नरकट है उनको भी काट लिए जाएं। उपजिलाधिकारी ने बाढ़ चौकी का निरीक्षण किया और कहा कि मानसून कुछ ही दिनों में आने वाला है, ऐसे में बाढ़ चौकी पर कर्मचारियों की उपस्थिति जरूर हो। इस दौरान जेई वीरेंद्र यादव से बाढ़ पूर्व पानी से बचाव के लिए विभिन्न बांधों के कमजोर स्थलों के मरम्मत करने के निर्देश दिए, वहीं बांधों पर नजर रखने को कहा।
एसडीएम ने बांध की स्थिति, रेन कट की मरम्मत, कटाव स्थल, क्षतिग्रस्त स्थल, नदी से बांध की दूरी, नदी से पानी के प्रवाह की दिशा, बांध से ग्रामीण आबादी की दूरी व प्रभावित होने वाली आबादी की भौगोलिक स्थिति सहित अन्य बिंदुओं पर जायजा लिया। इस तरह दौरान जेई वीरेंद्र यादव , एसडीओ रामउजागिर लाल समेत तमाम लोग मौजूद रहे।