बेलहर। क्षेत्र के राजघाट बूंधानदी तट पर आगामी छठ पर्व को देखते हुए बृहस्पतिवार की देर शाम मेंहदावल एसडीएम संजीव कुमार राय और सीओ सर्वदवन सिंह ने पहुंचकर घाट की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने घाट की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम संजीव कुमार राय ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि छठ पर्व से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं सीओ ने पुलिस टीम को घाट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि छठ पर्व आस्था का महापर्व है, इसे शांतिपूर्ण व श्रद्धापूर्ण सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन मुस्तैद रहेगा।
इस दौरान थाना प्रभारी अनिल कुमार, पवन कुमार यादव, रवीन्द्र निषाद, सतीश सिंह, राजीव कुमार यादव, बृजेश सिंह, राजेश कुमार दूबे आदि मौजूद रहे। संवाद