संतकबीरनगर। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने 2026 सत्र की बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारण का कार्य शुरू कर दिया है। कॉलेजों ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं। इसी बीच परिषद ने पिछली परीक्षा की ऑनलाइन निगरानी का डाटा मांगा है। अगले वर्ष होने वाली परीक्षा में वही कॉलेज परीक्षा केंद्र बन सकेंगे जिनकी वर्ष 2025 की रिपोर्ट अच्छी रही है।
केंद्रीय शिक्षा परिषद की परीक्षाओं की तिथि घोषित होने के बाद यूपी बोर्ड ने ही परीक्षा वर्ष 2026 की तैयारियां शुरू कर दी हैं। सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश ने वर्ष 2025 की परीक्षा में केंद्र रहे कॉलेजों से ऑनलाइन निगरानी का डाटा मांगा है। जिला विद्यालय निरीक्षक हरीशचंद नाथ ने प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि हर हाल में सितंबर के अंत तक विवरण उपलब्ध करा दें।
परिषद की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षा में वही कॉलेज केंद्र बन सकेंगे जिनके द्वारा 2025 की परीक्षा में व्यवस्थाओं को बेहतर रखा गया है। परिषद ने परीक्षा के दौरान सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की गई रिकॉडिंर्ग का सारा विवरण मांगा है। जिसकी जांच के आधार पर ही अगली वर्ष की परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारण होगा।
ये जानकारी करानी होगी उपलब्ध
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि वर्ष 2025 की परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र पर किस प्रकार के कैमरों का प्रयोग किया गया। डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर किस कंपनी का था। उसकी क्या क्षमता थी। परीक्षा कक्ष में कितने कैमरे लगे थे उनकी क्षमता क्या थी। इसके साथ ही ये जानकारी भी मांगी गई है कि परीक्षा में कितने घंटे रिकॉर्डिंग की गई। कितने दिनों तक रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखा जा सकता है। इंटरनेट के लिए किस कंपनी का प्रयोग किया गया।