मेंहदावल। मंगलवार से नए शैक्षणिक सत्र में नवीन बच्चों के प्रवेशोत्सव का दूसरा चरण शुरू होने जा रहा है। सभी नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा। सोमवार को शिक्षक और सफाई कर्मचारी विद्यालय परिसर की साफ-सफाई करके सजाने में लगे रहे।
बीईओ ज्ञानचंद्र मिश्र ने बताया कि ब्लॉक में 116 परिषदीय विद्यालय हैं। इनमें 79 प्राथमिक, 21 उच्च प्राथमिक और 16 कंपोजिट विद्यालय हैं। करीब 13,000 बच्चे सभी स्कूलों में पंजीकृत हैं। बच्चों को पहले दिन केवल मनोरंजन के लिए खेल में प्रतिभाग कराया जाएगा। पहले दिन अधिकांश बच्चों को नई पुस्तकें नहीं मिल पाएंगी। कक्षा एक, दो और तीन की अधिकांश पुस्तकें नहीं आई हैं।
विद्यालयों में पहले से ही रखी गई पुरानी पुस्तकें नए बच्चों को उत्साहवर्धन के लिए दी जाएगी। इसके साथ ही अध्यापक संबंधित विद्यालयों के सेवित गांवों में जाकर स्कूल चलो अभियान के 15 जुलाई तक दूसरे चरण में नवीन नामांकन के लिए बच्चों को स्कूल में भेजने के लिए अभिभावकों को प्रेरित करेंगे।