हरिहरपुर। नाथनगर पीएनबी शाखा से शनिवार को पैसा निकाल कर घर जा रहे साइकिल सवार बुजुर्ग से 20 हजार रुपये लेकर टप्पेबाज फरार हो गया। सूचना पर महुली पुलिस जांच में जुट गई।
अलीनगर गांव निवासी राम मिलन यादव पुत्र सहती शनिवार को पीएनबी नाथनगर से 20 हजार रुपये निकालकर साइकिल से घर जा रहे थे। रास्ते में गांव के निकट बाइक सवार टप्पेबाजों ने ओवरटेक कर बुजुर्ग राम मिलन को रोक लिया। बताया कि उन्हें बैंक मैनेजर ने भेजा है। तुम्हारे पास जो नकदी है, उसमें कुछ नकली नोट हैं। बुजुर्ग उनकी बातों में आ गया और उन्हें रुपये दे दिए। पीड़ित राम मिलन ने बताया कि बाइक सवार टप्पेबाजों ने उससे एक कागज पर लाल कलम से दस्तखत भी कराए और बैंक पर आने की बात कहकर चले गए। जब पीड़ित बैंक पहुंचा तो उसे पता चला कि उसके साथ ठगी हो गई है। सूचना पर पहुंची महुली पुलिस मामले की छानबीन में लगी हुई है।
प्रभारी एसओ अमित कुशवाहा ने बताया कि प्रकरण की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।