संतकबीरनगर। जिले में आयुष्मान भव: अभियान के तहत विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत 17 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों व हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर स्वास्थ्य मेला लगाया जाएगा।
शनिवार को प्रेसवार्ता में डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने आयुष्मान भवः अभियान के संबंध में बताया कि अभियान के पांच घटक हैं, जिसमें सेवा पखवाड़ा 17 सितंबर से दो अक्तूबर तक चलेगा। इस दौरान आयुष्मान मेला, आयुष्मान आपके द्वार, आयुष्मान सभा के कार्यक्रम होंगे। इसके साथ ही हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, सीएचसी व जिला अस्पताल में स्वच्छता पखवाड़ा चलाया जाएगा। साथ ही रक्त दान के संबंध में लोगों को प्रेरित किया जाएगा तथा मृत्यु के पश्चात अंगदान के लिए भी प्रेरित किया जाएगा एवं शपथ ली जाएगी।
आयुष्मान आपके द्वार के तहत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत छुटे हुए पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा। आयुष्मान मेले का आयोजन 17 सितंबर से समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं हेल्थ वेलनेस केेंद्रों पर किया जाएगा। इसके बाद प्रत्येक शनिवार को स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा गैर संचारी रोग, टीबी, कुष्ठ, मातृ एवं बाल स्वास्थ्य पोषण से संबंधित सेवाएं भी दी जाएगी। आयुष्मान सभा में ग्राम पंचायत स्तर पर दो अक्तूबर को आयुष्मान सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आयुष्मान कार्ड का वितरण किया जाएगा आयुष्मान सभा में गैर संचारी रोगों की जांच, नियमित टीकाकरण, क्षय रोग आदि के बारे में जन सामान्य को जागरूक किया जाएगा। डीएम ने अभियान के सफल संचालन के लिए सहयोग की अपेक्षा की।
इस दौरान सीडीओ संत कुमार, सीएमओ डाॅ. अनिरुद्ध कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।