पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आई थी 14 प्रकार की चोटें
-महुली क्षेत्र के गोलहटा गांव का निवासी था युवक
-भिटीनी चौराहे के पास सड़क किनारे बृहस्पतिवार को मिला था शव
फोटो है
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। महुली क्षेत्र के गोलहटा गांव निवासी 21 वर्षीय युवक का शव धनघटा-खलीलाबाद मार्ग पर भिटीनी चौराहे के पास सड़क किनारे बृहस्पतिवार को पड़ा मिला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर 14 चोटें आई थीं, जबकि मौके की स्थिति हत्या की ओर संकेत कर रही हैं। पीड़ित परिजन हत्या की आशंका जताते हुए युवक के मोबाइल फोन की काॅल डिटेल की जांच की मांग कर रहे हैं।
मृतक के पीड़ित पिता राम प्रताप और बड़े भाई शुभम पटेल ने बताया कि उनका खुद का ट्रैक्टर-ट्राली है। छोटा भाई छोटू उर्फ सत्यम पटेल चालक का कार्य भी करता था। वह बुधवार की रात ट्राली को भिटीनी तिराहे के किनारे खड़ा करके घर चला आया था। पीड़ित बड़े भाई ने बताया कि सत्यम का शव देखकर वह हड़बड़ा गया था। उसने पुलिस की पूछताछ में किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से सत्यम की मौत होने की बात लिखकर तहरीर दे दी थी। पुलिस ने दुर्घटना मानकर शव का पोस्टमार्टम कराया था। शुभम पटेल के साथ अन्य गांव के लोगों का कहना है कि मृतक की काॅल डिटेल निकलवाकर जांच किया जाना चाहिए। सभी स्थिति का आंकलन करने से सहज ही प्रतीत होता है कि सत्यम की मौत दुर्घटना से नहीं हुई। बल्कि उसकी हत्या की गई है।
पीड़ित पिता ने कहा कि यदि पुलिस सत्यम के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल निकाले तो घटना की हकीकत पता चल जाएगी। अंतिम संस्कार करने के बाद वह थानाध्यक्ष से मुलाकात करके घटना के बारे में बताए थे। एसओ भगवान सिंह ने बताया कि पीड़ित परिजनों ने जो तहरीर दी थी। उसी के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ दुर्घटना का केस दर्ज किया गया है।
00000000000000
दुर्घटना में भी आ सकती है ऐसी चोटें
जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. एके मिश्र का कहना है कि चोट किसी भी तरह से भी लग सकती है, यह दुर्घटना में भी लगती है और मारपीट में भी आता है, इसके लिए पैनल बनाकर सभी पहलुओं पर पोस्टमार्टम हो तो पता चल सकता है कि यह चोट कैसे लगी है, वैसे अन्य पहलुओं को पुलिस को जांच करना चाहिए।