धनघटा। सरयू नदी का जलस्तर लगातार तीन दिनों से स्थिर बना हुआ है। सोमवार को नदी का जलस्तर 78.950 मीटर पर दर्ज किया गया।
जलस्तर में फिलहाल बढ़ोतरी नहीं होने से एमबीडी बांध और सरयू नदी के बीच बसे दियारा क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। तुर्कवलिया, सियर कला, दौलतपुर, गायघाट, गुनवतिया, ढोलबजा और चकदहा समेत आसपास के गांवों के लोग अपनी दैनिक दिनचर्या सामान्य रूप से निपटा रहे हैं। हालांकि, ग्रामीणों को हर साल बरसात के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने की चिंता सताती रहती है। जलस्तर बढ़ने पर इन गांवों के लोगों को बाढ़ और आवागमन की समस्या से जूझना पड़ता है। कई बार ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान की तलाश में घर छोड़कर पलायन भी करना पड़ता है।