मेंहदावल में घटा राप्ती नदी का जलस्तर। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी लोहरैया/ मेंहदावल। बारिश के बीच सरयू के जलस्तर में लगातार वृद्धि जारी है। 24 घंटे में नदी का जलस्तर 20 सेंटीमीटर बढ़ गया। वहीं मेंहदावल में राप्ती 15 सेमी घटी है। दूसरी ओर धनघटा इलाके के एमबीडी तटबंध की सुरक्षा को लेकर विभाग की तैयारियां शुक्रवार को सुस्त नजर आईं।
तटबंध पर न तो रेनकट और रैट होल भरने का कार्य होता दिखाई दिया और न ही झाड़ियों की सफाई कराई जा रही थी। इससे बाढ़ के दौरान तटबंध की सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है। हैंसर विकासखंड क्षेत्र में एमबीडी तटबंध पर कई स्थानों पर रेनकट और रैट होल हैं। बांध के दोनों किनारों पर झाड़ियों का अंबार लगा है। इससे कई स्थानों पर बने रेनकट दिखाई तक नहीं दे रहे हैं। ऐसे में समय रहते उनकी पहचान और मरम्मत न हो पाने की आशंका बनी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले अधिकारियों के दौरे के दौरान विभाग सक्रिय दिखाई दे रहा था। उस समय रेनकट भरने, झाड़ियों की सफाई और तटबंध की मरम्मत का कार्य तेजी से कराया जा रहा था, लेकिन इस समय काम की रफ्तार फिर धीमी पड़ गई। शुक्रवार को तटबंध पर कहीं भी रेनकट या रैटहोल भरने का कार्य नहीं चलता मिला।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते सभी रेनकट और रैटहोल नहीं भरे गए तथा झाड़ियों की सफाई नहीं कराई गई तो सरयू नदी में बाढ़ आने पर एमबीडी तटबंध को नुकसान पहुंच सकता है। ग्रामीणों ने विभाग से तत्काल सुरक्षा कार्यों में तेजी लाने की मांग की है, ताकि बारिश के समय किसी प्रकार की गंभीर स्थिति उत्पन्न न हो।