- धनघटा में 78.75 मीटर पर पहुंचा नदी का जलस्तर, मेंहदावल में राप्ती का घट रहा पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को 78.75 मीटर पर पहुंच गया। 24 घंटे में नदी पांच सेंटीमीटर बढ़ी है। नदी का पानी बढ़ने से गायघाट दक्षिणी गांव के कई मकान कटान के जद में आने लगे हैं। गांव वालों का कहना है कि नदी इसी तरह बढ़ी तो गांव में बाढ़ का पानी घुस जाएगा। यदि कटान हुई तो कई घरों पर खतरा बढ़ जाएगा।
सोमवार को नदी 15 सेंटीमीटर बढ़ते हुए मंगलवार को 78. 60 मीटर पर पहुंच कर स्थिर हो गई थी लेकिन बुधवार को नदी के पानी में पांच सेंटीमीटर बढ़ोतरी हुई और नदी 78. 75 सेंटीमीटर पर पहुंच गई। अब सरयू बिड़हर घाट पर खतरे के निशान 79.40 मीटर के करीब पहुंच गई है। गायघाट दक्षिणी के प्रधान बालेंद्र उर्फ पप्पू का कहना है कि नदी उनके मकान से महज तीन मीटर की दूरी पर पहुंच गई है।
नदी के पानी में इसी तरह बढ़ोतरी हुई तो बहुत जल्द बाढ़ का पानी गांव में घुस जाएगा। नदी का जलस्तर बढ़ने से एमबीडी बांध पर नदी दबाव बनाना शुरू कर दी है। एसडीएम वीरेंद्र गुप्ता ने बांध का निरीक्षण कर बांध की मजबूती को बनाए रखने के लिए सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया।
-
राप्ती नदी खतरे के निशान से 4.13 मीटर नीचे
मेंहदावल। तहसील क्षेत्र के पूर्वी कछार क्षेत्र में स्थित बढ़या ठाठर में राप्ती नदी का जलस्तर बुधवार की सुबह 75.40 मीटर दर्ज किया गया। शाम चार बजे तीन सेमी के साथ गिरकर 75.37 मीटर पर दर्ज किया गया। नदी खतरे के निशान 79.50 मीटर से 4.13 मीटर नीचे बह रही है। फिर भी ड्रेनेज खंड अधिकारियों द्वारा निगरानी जारी है। अवर अभियंता मनीष राय ने बताया कि तटबंध की सुरक्षा को लेकर सक्रियता बरती जा रही है। बारिश से छोटे-बड़े सभी कटान को पाट दिया जा रहा है। संवाद