सेमरियावां। सेमरियावां ब्लाॅक के उसराशहीद गांव के पास सरयू नहर शाखा खलीलाबाद के दक्षिण तरफ कट जाने से लगभग 10 बीघा रोपाई की गई धान फसल में पानी भर गया है। गांव वालों ने नहर के कटान स्थल को बंद किया। शुक्रवार को उसराशहीद गांव के पास सुबह में सरयू नहर कटने की सूचना फैल गई।
कटान की सूचना से कटान स्थल पर काफी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। उसराशहीद गांव निवासी इरशाद अहमद ने इसकी सूचना एसडीएम खलीलाबाद को दी। गांव वाले पहुंचे और सरयू नहर को बांधने में जुट गए। एसडीएम के निर्देश पर अधिकारी हरकत में आए। सरयू नहर एसडीओ प्रदीप कुमार मौर्य भी जेई के साथ जेसीबी के साथ कटान स्थल पर पहुंचे। विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों ने रोष जताया।
नहर के कट जाने की जानकारी किसानों की ओर से दी गई। मौके पर पहुंचकर तुरंत जेसीबी मंगाकर नहर के दक्षिण तरफ़ बने होल को बंधवाया गया है। कर्मियों को नहर के बंधे का निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है।
प्रदीप कुमार मौर्य, एसडीओ, सरयू नहर खंड शाखा खलीलाबाद