संतकबीरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को समारोह पूर्वक नव निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष यादव को प्रभारी डीएम और डीएम केपी यादव पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इसके बाद अध्यक्ष ने निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई। शपथ के बाद जिला पंचायत की नई कार्यकारिणी की पहली बैठक हुई। जिसमें छह समितियों के गठन का प्रस्ताव अपर मुख्य अधिकारी अशोक कुमार सिंह ने रखा।
जिस पर जिला पंचायत सदस्य अशोक चौधरी ने समितियों के गठन का अधिकार अध्यक्ष पद छोड़ने की बात कहीं, जिसका सभी सदस्यों ने अनुमोदन किया।
शपथ ग्रहण समारोह के लिए सुबह से ही कलेक्ट्रेट परिसर में मंच सज गया था। परिसर में लोक गायक लोगों का मनोरंजन कर रहे थे।
जबकि कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों, जिला पंचायत सदस्यों व समर्थकों की उपस्थिति में प्रभारी जिलाधिकारी एवं एडीएम केपी यादव ने नव निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष को शपथ दिलाई।
इसके बाद जिला पंचायत सदस्यों व अन्य लोगों ने जिला पंचायत अध्यक्ष को पुष्प गुच्छ देकर और माला पहनाकर स्वागत किया।इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष यादव ने कहा कि सभी सदस्यों को साथ लेकर विकास कार्यों को गति देना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि जिस आशा व विश्वास के आधार पर उन्हें अध्यक्ष चुना गया, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी लाल जी यादव, पूर्व विधायक अब्दुल कलाम, जिलाध्यक्ष राम नरायन यादव, वरिष्ठ नेता केडी यादव, जिला पंचायत सदस्य अशोक चौधरी, प्रदीप सिंह, डीसी मनरेगा विनय श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।