धनघटा। महुली क्षेत्र के नाथनगर गांव के ग्राम बड़का पुरवा में मामूली बात को लेकर एक होमगार्ड जवान के परिवार और गांव के दूसरे पक्ष के बीच जमकर लाठियां चटकीं। मारपीट में दोनों पक्षों से छह लोग घायल हो गए।
सीएचसी नाथनगर पर इलाज के लिए पहुंचे दोनों पक्ष दोबारा मारपीट करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। इस मामले में पुलिस को एक पक्ष ने तीन और दूसरे पक्ष ने छह लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। मारपीट में होमगार्ड जवान भी घायल हो गया है।
पुलिस को दी गई तहरीर में नाथनगर गांव निवासी होमगार्ड जवान अब्दुल्लाह ने बताया कि शनिवार आठ बजे किसी बात को लेकर गांव के सफरोज के भाइयों ने उसके 16 वर्षीय बेटे अफरोज के साथ मारपीट की। जब वह घर पहुंचा तो परिजनों ने इसकी जानकारी दी। इसके बाद उलाहना देने वह विपक्षी के घर पहुंचा तो लाठी-डंडे आदि से हमला करके उसे, बेटे अफरोज और सद्दाम को मारपीट कर घायल कर दिया। उसने तीन के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
इसी तरह दूसरे पक्ष के सफरोज ने पुलिस तहरीर में बताया कि शनिवार शाम में वह गांव के अब्दुल्लाह के घर गया। सप्ताह पूर्व एक महिला के साथ अभद्रता करने का उलाहना देकर वापस घर पहुंचा तो पीछे-पीछे अब्दुल्लाह लाठी-डंडे और रॉड लेकर अन्य परिजनों के साथ उसके घर पहुंचा।
घर पर चढ़कर गाली देने लगा। एतराज करने पर मार-पीट की। विपक्षियों के पिटाई से उसके अलावा घर के दो अन्य लोग घायल हो गए। मारपीट में घायल हुए लोगों का उपचार सीएचसी नाथनगर में चल रहा है।
रजनीश राय ने बताया कि मामले में अफरोज की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है।