संतकबीरनगर। सोमवार को जलाभिषेक के चलते आंबेडकरनगर से संतकबीरनगर मार्ग पर रविवार की शाम से ही डायवर्जन लागू रहा। इसके चलते लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। धनघटा के आगे किसी भी वाहन को जाने नहीं दिया गया। श्रद्धालुओं की भारी संख्या के वजह से वाहनों को परिवर्तित मार्ग से भेजा गया। तामेश्वरनाथ शिव मंदिर पर जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए धनघटा मार्ग पर बड़े वाहनों का प्रवेश रविवार की देर शाम से ही प्रतिबंधित कर दिया गया। बैरियर पर पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था, जिससे कोई वाहन इस मार्ग पर आकर श्रद्धालुओं के लिए समस्या न बन जाए। खलीलाबाद शहर से तामेश्वरनाथ जाने वाले मार्ग पर पायलपार के पास बैरियर बनाकर आवागमन पर रोक लगाई गई थी।