संतकबीरनगर। हीरालाल रामनिवास इंटर काॅलेज के सामने शनिवार की सुबह छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। एक गुट ने एक छात्र को बुरी तरह से पीटा-पीटकर लहूलुहान कर दिया। मौके पर कोई पुलिसकर्मी या कॉलेज का जिम्मेदार नहीं पहुंचा। मारपीट के दौरान भगदड़ की स्थिति हो गई और बगल के कान्वेंट स्कूल में लोग अपने बच्चों को लेकर भागने लगे। आसपास के लोग इसे साइकिल खड़ी करने का विवाद बता रहे हैं। वहीं इस मामले में एक पक्ष ने तहरीर देकर पुरानी रंजिश में एक नामजद समेत कुछ अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार, खलीलाबाद शहर के एचआर इंटर कॉलेज के पास शनिवार की सुबह छात्रों के गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। क्षेत्र के बिसयाहन्नू गांव निवासी रघुराज प्रताप सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि शनिवार की सुबह वह अपने छोटे भाई को एचआर इंटर कॉलेज में छोड़ने आए थे। यहां पर विपक्षी दिव्यांशु यादव निवासी सरसरांव अपने कुछ अन्य साथियों के साथ मौजूद था। उसने उसे घेरकर गाली देते हुए मारपीट कर जख्मी कर दिया। उसके सिर में काफी गंभीर चोटें आई हैं। उसने आरोप लगाया कि दिव्यांशु से उसका पहले भी झगड़ा हुआ था, जिससे वह खार खाए था। शनिवार को मौका मिलने पर उसने अपने साथियों के साथ घेर कर उसके साथ मारपीट की है।
कोतवाल पंकज पांडेय ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।