- सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुटी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद रेलवे स्टेशन से पूरब त्रिपाठी मार्केट रेलवे क्राॅसिंग के पास रेलवे ट्रैक पर एक अधेड़ का शव देखा गया। सूचना के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार, शव की पहचान बीपत कन्नौजिया (55) पुत्र स्वर्गीय रामजस ग्राम मटौली पोस्ट शिवापार थाना धनघटा के रूप में की गई है।
खलीलाबाद शहर के गांधी नगर मोहल्ले में किराये का कमरा लेकर रहने वाले धमेंद्र कन्नौजिया से बताया कि शनिवार को उनके छोटे भाई सिकंदर की सगाई थी। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उनके पिता बीपत कन्नौजिया गांव से खलीलाबाद आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद शाम करीब छह बजे वह शहर के तितौवा स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर जाने की बात कहकर पैदल ही निकले थे। देर रात तक वह नहीं लौटे तो उनकी तलाश शुरू की गई। रात करीब 10:30 बजे रेलवे ट्रैक के पास उनका शव पड़ा होने की सूचना मिली। शव बुरी तरह से क्षत-विक्षत था, जिससे उनकी ट्रेन की चपेट में आने के बाद मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
कोतवाल पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि शव को जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया जाएगा।