संतकबीरनगर। कलक्ट्रेट पर सोमवार को डीएम आलोक कुमार की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित प्राप्तांक एवं ग्रेडिंग के आधार पर विकास कार्यों, निर्माण कार्यों सहित आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित व निस्तारित शिकायतों की समीक्षा की।
इसमें शिकायतों की जांच के लिए संबंधित अधिकारी को मौके पर जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्याें के संचालन और क्रियान्वयन में लापरवाही के कारण सीएम डैश-बोर्ड पर खराब रैंकिंग दर्शाने वाले विभागीय अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डीएम आलोक कुमार ने कहा कि सीएम डैशबोर्ड की प्रगति रिपोर्ट में खराब श्रेणी प्रदर्शित करने वाले इंडिकेटर में रहने वाले विभाग व कार्यों से संबंधित विभागाध्यक्षों गुणात्मक प्रगति लाते हुए बेहतर परफॉर्मेंस प्रदर्शित करें। डीएम ने पीएम सूर्य घर, आवास योजना (ग्रामीण), भवन निर्माण, जल जीवन मिशन, हर घर नल, फैमिली आईडी, स्वच्छ भारत मिशन आदि फ्लैगशिप प्रोजेक्ट्स पर संबंधित विभागीय अधिकारियों से आंकड़ेवार जानकारी प्राप्त करते हुए विस्तृत समीक्षा की। जल जीवन मिशन के तहत लाभार्थियों को पानी का कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में सीडीओ जयकेश त्रिपाठी, सीएमओ डॉ. रामानुज कनौजिया, डीडीओ प्रेम प्रकाश त्रिपाठी, डीएसटीओ अजय श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।