- शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री था
- शनिवार को पारा चढ़कर 36 डिग्री पहुंचा
संतकबीरनगर। मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। शनिवार को दिनभर तेज धूप रही, जिसके कारण लोग उमस भरी गर्मी से बेहाल रहे। पारा चढ़कर 36 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। हालांकि मौसम के जानकारों का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं।
शनिवार को अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड गया, जबकि एक दिन पूर्व अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस था। सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण उमस बढ़ गई है और लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं। सड़कों पर भी आवाजाही कम रही। शहर निवासी दिलीप कुमार, राम सजन आदि ने कहा कि तेज धूप के कारण उमस भरी गर्मी झेलनी पड़ रही है। दिन में गर्मी के कारण चैन नहीं मिल पा रहा है।
कुमारगंज अयोध्या के मौसम वैज्ञानिक अमरनाथ मिश्र ने बताया कि मौसम में उतार-चढ़ाव बना है। अगले सप्ताह रुक-रुक कर बारिश होने के आसार बने हैं।