सांथा। ब्लॉक कार्यालय सांथा के खंड विकास अधिकारी का स्थानांतरण 15 दिन पूर्व सहारनपुर हो जाने के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहा है। यहां की व्यवस्था एडीओ पंचायत के भरोसे हो गई है। इससे ब्लॉक कार्यालय पर आने वाले फरियादियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से खंड विकास अधिकारी की तैनाती किए जाने की मांग की है ।
मालूम हो की खंड विकास अधिकारी विवेकानंद मिश्रा का स्थानांतरण 15 दिन पूर्व हो जाने के कारण एडीओ पंचायत के हवाले सांथा ब्लाॅक कार्यालय हो गया है। विकास योजनाएं कच्छप गति से चल रही है और सरकारी योजनाएं प्रभावित हो रही है। इसके साथ ही आमजनों को तमाम दुश्वारियां का सामना करना पड़ रहा है। यह स्थिति तब है जबकि प्रदेश सरकार की मंशा है कि सरकारी कार्यालय में अधिकारी कर्मचारी समय से उपस्थित होकर विकास योजनाओं को हर गरीब के घर तक पहुंचाए, लेकिन बीडीओ के न होने से शासन की मंशा पर पानी फिर रहा है।
क्षेत्र के निवासी अदालतराम, दिलीप कुमार, नागेंद्र कुमार, रविंद्र कुमार, बेचन प्रसाद, तौफीक अहमद आदि ने जिला प्रशासन से बीडीओ की तैनाती की मांग की है।