सेमरियावां। लखनऊ में आयोजित स्काउट गाइड के नेशनल जंबूरी कार्यक्रम में जनपद के 15 स्काउट और पांच गाइड ने प्रतिभाग किया। जिले के स्काउट गाइड की ओर से प्रस्तुत संत कबीर की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। 61 वर्ष बाद उत्तर प्रदेश में 19वीं नेशनल गोल्डन जंबूरी के रूप में 24 से 29 नवंबर के बीच कार्यक्रम आयोजित हुआ।
जंबूरी में सऊदी अरब, नेपाल, चीन, मालदीव के साथ भारत के असम, बिहार, सेंट्रल रेलवे छत्तीसगढ़, दादर और नगर हवेली दिल्ली, पूर्वी रेलवे, सेंट्रल रेलवे गोवा, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, झारखंड, कर्नाटक केरल महाराष्ट्र मणिपुर नॉर्दर्न रेलवे, पुड्डीचेरी, तमिलनाडु, तेलंगाना, त्रिपुरा के स्काउट गाइड ने भाग लिया। जनपद के पीएम श्री संविलियन उच्च प्राथमिक विद्यालय महुआरी तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय खलीलाबाद, उच्च प्राथमिक विद्यालय अठलोहिया तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय विश्वनाथपुर की पांच गाइड की बनाई कबीर दास की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। बच्चों ने कबीर दास के दोहे को पूरे मनोयोग से गाते बजाते संत कबीर के आदर्शों पर चलने झांकी प्रदर्शित की।
जंबूरी में कुल 38846 स्काउट गाइडों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 24 नवंबर को किया था। समापन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 29 नवंबर को किया। बच्चों ने हर्षोल्लास के साथ टेंट, गैजेट्स बाउंड्री वॉल तथा विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया। रंगोली कार्यक्रम में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में जिला स्काउट मास्टर मनोज कुमार अनिल, जिला प्रशिक्षण आयुक्त अमरेश बहादुर सिंह, इंद्रेश कुमार पांडेय, वर्षा चौहान आदि ने बच्चों को प्रतिभाग कराया।