- कांशीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित मंडलीय ट्रायल में शानदार प्रदर्शन, सिद्धार्थनगर की टीम उपविजेता रही
संतकबीरनगर। कांशीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुक्रवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह के निर्देशन में मंडलीय बेसिक अंडर-14 बालक एवं बालिका हैंडबॉल चयन ट्रायल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मेजबान संतकबीरनगर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि सिद्धार्थनगर की टीम उपविजेता रही।
प्रतियोगिता के शुभारंभ से पहले बाहर से आई टीमों के व्यायाम शिक्षकों एवं अतिथियों का सम्मान किया गया। इसके बाद खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन और बेहतरीन कौशल का प्रदर्शन किया। संतकबीरनगर की टीम ने बेहतर तालमेल और दमदार खेल के दम पर दोनों वर्गों का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका हैंडबॉल कोच विमल ध्रुव एवं अतुल कुमार वर्मा ने निभाई। इस अवसर पर उप जिला क्रीड़ा अधिकारी अभिज्ञान मालवीय, कुश्ती कोच यादवेन्द्र यादव, बास्केटबॉल कोच सुरेंद्र, जिला व्यायाम शिक्षक उपेंद्र उपाध्याय सहित अनेक शिक्षक एवं खेल प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
मंडलीय प्रतियोगिता के लिए 13 खिलाड़ियों का चयन
प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर अंतर मंडलीय प्रतियोगिता के लिए पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय हरदी एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय उतरावल (विकासखंड बघौली) के 13 खिलाड़ियों का चयन किया गया। प्रतीक, पीयूष, गयासुद्दीन, मोहम्मद शहजाद, मोहम्मद अरशद, मोहम्मद साकिब, मोहम्मद सैफ, यूनुस, निहाल, कृष्णा, प्रिंस, अंश एवं शिवा को चयनित किया गया।