संतकबीरनगर। शहर के ड्रीम प्रोजेक्ट मां समय जी पोखरा को विकसित करने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने शासन को 4.09 करोड़ का नया प्रस्ताव भेजा है। मंशा है कि पोखरे को अलीगढ़ के अचल सरोवर के रूप में विकसित किया जाए।
यहां पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए ओपेन जिम, नाली, स्टील रेलिंग, जल संचयन केंद्र, योगासन स्थल, रैंप, केंद्रीय मंडप के साथ ही अन्य कार्य कराए जाएंगे। उम्मीद है कि जल्द ही इसकी स्वीकृति मिल जाएगी।
पालिका प्रशासन ने पूर्व में समय माता मंदिर को पर्यटन के दृष्टिकोण से विकसित करने की योजना तैयार की थी। इसके लिए शासन ने जहां करीब डेढ़ करोड़ रुपये उपलब्ध कराए थे, वहीं विनियमित क्षेत्र से 50 लाख का बजट दिया गया था। इससे दो तरफ चहारदीवारी और सीढि़यों का निर्माण कराया गया। इसके बाद धन की कमी आड़े आ गई। ऐसे में पालिका प्रशासन ने नए सिरे से चार करोड़ नौ लाख चार हजार रुपये का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा है।
इस धन से पोखरे के उत्तर एवं दक्षिण तरफ नाली का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही उत्तर व पश्चिम तरफ चहारदीवारी, पोखरे के चारों तरफ स्टील रेलिंग कार्य, दक्षिण तरफ 60 मीटर नाला, सीढ़ी व पाथवे का निर्माण कराया जाना है।
उत्तर व पश्चिम में रैंप निर्माण कार्य, पोखरे के चारों तरफ प्रकाश की व्यवस्था, लोगों के बैठने के लिए बेंच, कूड़ा रखने के लिए डस्टबिन और अन्य सफाई कार्य, जल रिसोर्स की स्थापना और ओपेन जिम एवं योगा स्थल विकसित किया जाएगा। बीच में फौव्वारा आदि के भी कार्य कराए जाने हैं।