संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। डिजिटल क्राॅप सर्वे में लगाए गए राजस्व लेखपालों का कार्य संतोषजनक न पाए जाने पर डीएम के निर्देश पर एडीएम जय प्रकाश ने 26 लेखपालों का वेतन अगले आदेश से रोक दिया है।
एडीएम ने बताया कि पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, कृषि विभाग के तकनीकी सहायक, लेखपाल एवं प्राइवेट कार्मिकों को रबी का डिजिटल क्राॅप सर्वे के लिए लगाया गया है। इन पर पड़ताल ऐप के माध्यम से डिजिटल क्राॅप सर्वे की जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि क्राॅप सर्वे में लगाए गए राजस्व लेखपालों का कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया है। ऐसे में डीएम के निर्देश तहसील मेंहदावल के नौ, तहसील खलीलाबाद के सात व तहसील धनघटा के 10 सहित कुल 26 लेखपालों का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया गया है।
उन्होंने बताया कि इसी प्रकार किसानों के हित में उनके भूमि की यूनिक आईडी तैयार कर उनको गोल्डन कार्ड तैयार कराए जाने के लिए फार्मर रजिस्ट्री का कार्य संचालित है। यह कार्य 31 मार्च तक शत प्रतिशत पूर्ण कराया जाए, इसके लिए निर्देशित किया गया है।
किसानों के खतौनी में अंश निर्धारण में यदि कोई त्रुटि हुई है तो 15 मार्च तक कैंप के जरिए सुधार कराया जाए। प्रस्तावित सभी कार्यों को निर्धारित समय से पूर्ण कराए जाने के लिए तहसील स्तर पर्यवेक्षणीय अधिकारी तहसीलदार व नायब तहसीलदार को नामित किया गया है। ऐसे में यदि सुधार नहीं हुआ तो पर्यवेक्षणीय अधिकारियों तहसीलदार व नायब तहसीलदार का भी वेतन बाधित कर दिया जाएगा।