जनपद में खुलेगा सैनिक स्कूल
संतकबीरनगर। बच्चों को बेहतर शैक्षिक सुविधा देने एवं भारतीय सेना के प्रति आकर्षण बढ़ाने के लिए संतकबीरनगर जिले में सैनिक स्कूल खुलेगा। शासन ने जिला प्रशासन को 49 एकड़ जमीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने जमीन के चिह्नांकन का कार्य शुरू कर दिया है। यह विद्यालय मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल है। इस स्कूल में कक्षा एक से 12 तक की कक्षाएं संचालित होंगी। हॉस्टल समेत अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर और बस्ती मंडल के हर जिलों में सैनिक स्कूल खोले जाने का फरमान जारी किया है। इसके लिए हर जिले में 49 एकड़ जमीन उपलब्ध कराने के निर्देश जिला प्रशासन को दिए गए हैं। यह विद्यालय छात्रों में भारतीय सेना के प्रति आकर्षण बढ़ाने और देश के प्रति समर्पित होने के उद्देश्य के लिए खोला जा रहा है। विद्यालय में हॉस्टल, मेस, खेलकूद का स्टेडियम व अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। शासन के संयुक्त सचिव संतोष कुमार रावत ने बस्ती और गोरखपुर मंडल के समस्त जिलों के डीएम को पत्र भेजकर अपने-अपने जिले में सैनिक स्कूल के लिए 49 एकड़ जमीन उपलब्ध कराने को कहा है। उन्होंने कहा है कि यह प्रोजेक्ट मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल है। इसलिए जल्द से जल्द जमीन उपलब्ध कराकर उसकी सूचना शासन को दें, ताकि कार्रवाई शुरू की जा सके। संतकबीरनगर जिले में तीनों तहसील खलीलाबाद, मेंहदावल और धनघटा में जमीन की तलाश शुरू हो चुकी है। तीनों तहसीलों के एसडीएम जमीन खोजने में लगे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही जमीन उपलब्ध हो जाएगी।
जल्द जमीन मिलने की उम्मीद: डीआईओएस
डीआईओएस डॉ. गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि जिले में सैनिक स्कूल खोला जाना है। इसके लिए 49 एकड़ जमीन की आवश्यकता है। जिल प्रशासन के माध्यम से जमीन खोजी जा रही है। उम्मीद है कि जल्द ही जमीन उपलब्ध हो जाएगा।