मेंहदावल। विकास खंड सांथा के राजेडीहा ग्राम पंचायत के प्रधान पद की पुनर्मतणना में सबरुन्निशां फिर निर्वाचित घोषित हुई। उनको एसडीएम ने प्रमाण पत्र सौंपा। गुरुवार को मेंहदावल तहसील में एसडीएम घनघटा बाबूलाल व डीपीआरओ आलोक प्रियदर्शी की देखरेख में पुनर्मतणना कराई गई।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2015 में सांथा ब्लॉक के राजेडीहां ग्राम पंचायत में कुल 1392 मतदाता थे। इसमें कुल 983 मत पड़े। पहली बार की मतगणना में कुुल 971 मत वैध और 12 मत अवैध रहे। पहली बार की मतगणना में कमरजहां पत्नी सद्दाम हुसेन 371 मत पाकर छह मतों से विजयी घोषित हुई थी।
दूसरे नंबर पर रहीं सबरून्निशां ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट ने पुनर्मतगणना कराने का आदेश दिया था। इस आदेश के क्रम में हुई पुनर्मतगणना कुल पड़े 983 मतों में से 31 मत अवैध घोषित हुए। सबरुन्निशां को 367 और कमरजहां को 352 मत मिले। इसमें सबरुन्निशां को प्रधान पद का प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया था।
इसके विरोध में कमरजहां पत्नी सद्दाम हुसैन ने जिला जज की कोर्ट में याचिका दायर की। इसके बाद पुन: एसडीएम मेंहदावल के न्यायालय में 21 जून 2017 को राजेडीहां प्रधान पद की पुनर्मतगणना कराई गई। इसमें भी कुल पड़े 983 मतों में से 28 मत अवैध घोषित किए गए।
शेष मतों की गणना परिणाम में सबरुन्निशां 368 मत पाकर विजयी घोषित कर दी गई थीं। दूसरे नंबर पर प्रत्याशी रहीं कमरजहां को 353 मत मिले थे। इस बार फिर कमरजहां ने जिला जज कोर्ट में वाद दायर कर पुनर्मतगणना की मांग की थी।
जिला जज के आदेश के क्रम में गुरुवार को मेंहदावल तहसील में डीपीआरओ आलोक कुमार प्रियदर्शी और एसडीएम बाबूलाल की देखरेख में पुनर्मतगणना हुई। डीपीआरओ आलोक कुमार प्रियदर्शी ने बताया कि कुल 983 मतों में से 48 मत अवैध घोषित हुआ।
जबकि प्रत्याशी सबरुन्निशां को 356 मत और कमरजहां को 344 मत मिले। इस प्रकार सबरून्निशां को 12 मतों से विजयी घोषित किया गया। विजयी प्रत्याशी को जीत का प्रमाण पत्र भी दिया गया।