- डाॅक्टरों का प्रशिक्षण और उत्पीड़न रोकने की मांग
- अपर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम त्रिपाठी के नेतृत्व में चिकित्सकों ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान अपर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। जिसमें ग्रामीण क्षेत्र के डॉक्टरों का प्रशिक्षण और रजिस्ट्रेशन कराते हुए उत्पीड़न रोकने की मांग की है।
एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम त्रिपाठी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में झोलाछाप 24 घंटे समाज की सेवा में तत्पर रहते हुए सरकार एवं समाज के लिए चिकित्सा के क्षेत्र में रीढ़ की हड्डी की तरह कार्य करते हैं। उनका जांच के नाम पर उत्पीड़न किया जा रहा है। ग्रामीण स्वास्थ्य सेवकों का समय-समय पर उनकी योग्यतानुसार बिहार आदि राज्यों की भांति प्रशिक्षण दिया जाए, जिससे उनकी कार्यशैली में सुधार कर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए सेवा कर सकें।
कहा कि ग्रामीण स्वास्थ्य सेवकों को झोलाछाप के नाम से अपमानित न करते हुए ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक का दर्जा प्रदान किया जाए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष कमला प्रसाद चौधरी, डॉ. लालजी आजाद, डॉ. राम सजीवन, डॉ. कलेश कुमार सोनी, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. जनार्दन गौतम आदि मौजूद रहे।