मगहर में परिजनों को समझाती पुलिस। संवाद
मारपीट की घटना में युवक की हो गई थी मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
मगहर। नगर पंचायत मगहर के काजीपुर स्थित तेलीटोला मोहल्ले में तीन दिन पूर्व हुई मारपीट में घायल विपिन की मंगलवार रात लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। विपिन का शव जैसे ही बुधवार की देर रात घर आया तो परिवार में चीख पुकार मच गई। मां गौरी देवी व पिता संजय के साथ ही बहन का रो-रोकर बुरा हाल था।
सूचना मिलते ही मृतक के घर कोतवाली प्रभारी खलीलाबाद, चौकी इंचार्ज विनोद यादव मय फोर्स मौके पर पहुंच गए। पिता संजय व मां गौरी देवी ने कहा कि उनका बेटा बेकसूर था। विपक्षियों ने दौड़ाकर उसके घर में ही मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उनकी मांग थी कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती और प्राथमिकी दर्ज नहीं की जाती तब तक बेटे का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा कि उनके बेटे के साथ न्याय होना चाहिए। आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। इस दौरान पुलिस के द्वारा न्याय करने के आश्वासन और नगर के संभ्रांत नागरिकों के समझाने बुझाने पर परिजन विपिन का अंतिम संस्कार करने के लिए राजी हो गए।
चौकी इंचार्ज विनोद यादव ने बताया कि आरोपियों को पकड़ा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।