नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ करते विधायकफोटो स्रोत संवाद
सांथा। क्षेत्र के करमाकला से भटौरा तक जाने वाली सड़क की सूरत जल्द बदलेगी। करीब दो किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण और सुदृढ़ीकरण का कार्य शुरू हो गया है। रविवार को मेंहदावल के विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। सड़क निर्माण पर करीब 30 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
निर्माण कार्य शुरू होने पर ग्रामीणों ने विधायक का स्वागत किया। विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण मानक के अनुरूप कराया जाए, ताकि ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।
विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि सड़क बनने से क्षेत्र के लोगों का आवागमन सुगम होगा। ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सड़क, बिजली, पानी और प्रकाश जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रयास है कि विधानसभा क्षेत्र का कोई भी गांव या टोला विकास से अछूता न रहे। जर्जर सड़कों को दुरुस्त कराया जा रहा है और शेष मार्गों पर भी आवश्यकतानुसार काम कराया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास कार्यों में तेजी बनाए रखी जाएगी।
इस अवसर पर अवर अभियंता सुरेश कुमार, विनोद दूबे, विजय प्रताप सिंह, हेमंत चौधरी, राधेश्याम चौरसिया, संतोष यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।