- प्रति विद्यालय जारी हुआ चार लाख 57 हजार रुपये
- पानी की सप्लाई के साथ लगाई जाएगी आरओ मशीन
- विद्यालय में आने वाले बच्चों को स्वच्छ पानी मिल सके
- राजकीय हाईस्कूल महुली, भगवानपुर, बभनौली और धौरहरा शामिल
- कार्यदायी संस्था भी नामित
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले में चार राजकीय विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल पर कुल 18 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे आरओ मशीन लगाया जाएगा। जिससे विद्यालय में आने वाले बच्चों को स्वच्छ पानी मिल सके। शासन से प्रति विद्यालय चार लाख 57 हजार रुपये जारी हो चुका है।
जिले में एक राजकीय कन्या इंटर कॉलेज और 21 राजकीय जूनियर हाईस्कूल है। इन विद्यालयों में छात्रों को शुद्ध पेयजल की उपलब्धता नहीं है। जिसकी वजह से छात्र हैंडपंप का पानी पीने को मजबूर हैं। विद्यार्थियों की समस्याओं को देखते हुए शासन ने पहले चरण में चार विद्यालयों में पेयजल व्यवस्था के लिए किस्त जारी किया है।
इनमें राजकीय हाईस्कूल महुली, राजकीय हाईस्कूल भगवानपुर, राजकीय इंटर कॉलेज बभनौली, राजकीय हाईस्कूल धौरहरा शामिल हैं। इसके लिए कार्यदायी संस्था को भी नामित कर दिया गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि सितंबर माह में कार्य पूरा हो जाएगा और बच्चों को शुद्ध पानी मिलने लगेगा।
चार राजकीय विद्यालयों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाना है, जिस पर कार्य शुरू होगा। इससे बच्चों को शुद्ध पानी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
- हरिशचंद नाथ, डीआईओएस