मगहर। अयोध्या में चल रही पंचकोसी परिक्रमा के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने मगहर में नेशनल हाईवे पर बड़े वाहनों का रूट डायवर्ट कर दिया है। मंगलवार शाम से दुर्गा मंदिर चौराहे और पुलिस चौकी के पास सेमरा बाईपास पर बैरियर लगाकर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
विज्ञापन
रूट डायवर्जन के तहत बड़े वाहनों को दुर्गा मंदिर चौराहे से बांसी और डुमरियागंज होते हुए लखनऊ की ओर भेजा जा रहा है। वहीं, छोटे वाहनों को आवागमन की छूट दी गई है, ताकि स्थानीय लोगों और यात्रियों को परेशानी न हो।
चौकी इंचार्ज गजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अयोध्या में पंचकोसी परिक्रमा के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है। हाईवे पर बैरियर लगाकर बड़े वाहनों का मार्ग बदला गया है। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और सुरक्षा के लिए पुलिस लगातार गश्त कर रही है। इसमें यातायात पुलिस भी सहयोग कर रही है।