नगर पंचायत हरिहरपुर मे शुक्रवार को हनुमान मंदिर परिसर मे कांदू समाज के कुलगुरु संत गणीनाथ जी महाराज की जयंती मनाई गई। वैश्य एकता परिषद व अखिल भारतीय मद्धेशिया कांदू वैश्य महासभा के संयुक्त आयोजन के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय मद्धेशिया कांदू वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सीपी गुप्ता रहे।
उन्होंने कहा संत गणीनाथ की जयंती मनाने के पीछे कांदू समाज के लोगों को संगठित करना हमारा मकसद है। संख्या बल होने के बावजूद कांदू समाज के लोगों की भागीदारी राजनीतिक क्षेत्र में नहीं के बराबर है। हमें संख्या के हिसाब से राजनीति में भागीदारी चाहिए। 2017 के विधान सभा चुनाव में हम संगठित होकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। जहां हमारे समाज की बहुलता होगी हम अपनी ही जाति के प्रत्याशी का समर्थन कर उसे जिताएंगे।
महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष सबल मित्र ने कहा कि जो भी राजनैतिक पार्टी हमारे समाज को समुचित भागीदारी देगी विधानसभा चुनाव में उसका समर्थन करेंगे। विशिष्ट अतिथि व बस्ती के चेयरमैन अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि बिना संगठित हुए हमें अपना अधिकार नहीं मिल सकता। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत शिक्षक जोखू प्रसाद ने की। इस अवसर पर पीपीगंज के नगर अध्यक्ष रमाशंकर मद्धेशिया, ओम प्रकाश वर्मा, अजय गुप्ता, जुग्गी लाल, मिस्री लाल, अमन आदि रहे।