नवीन मंडी के पास मोहल्ले की सड़क पर फैला कीचड़।
संतकबीरनगर। दो दिन हुई बारिश से जलभराव और कीचड़ से सड़कें सराबोर हो गई हैं। जिससे लोगों को आने-जाने में दुश्वारियां झेलनी पड़ रही हैं। फिसलन के कारण लोग वाहन लेकर आने-जाने से कतरा रहे हैं। बेहर प्रबंधन करने के नगर पालिका के व्यवस्था की कलई खुल गई है। इसके बाद भी अधिकारी आंख मूंदे हुए हैं।
नगर पालिका प्रशासन लगातार दावा कर रहा है कि शहर की सड़कें दुरूस्त की जा रही हैं, लेकिन दो दिन की बारिश ने नगर पालिका प्रशासन के दावे की पोल खोलकर रख दी है। शहर के कई मोहल्लों में आने-जाने की सड़कें कीचड़ से सनी हुई है, जिससे होकर गुजरना खतरनाक हो गया है। यही नहीं जिन सड़कों का निर्माण शुरू कराया गया था वह भी अधूरी पड़ी हुई हैं।
शहर के मेंहदावल बाईपास ओवरब्रिज से सटे छोटी सरौली जाने वाले मार्ग पर कीचड़ के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। यह सड़क कीचड़ से सराबोर हो गई है। कीचड़ के चलते बड़ी सरौली से महिला महाविद्यालय जाने वाला मार्ग बंद : बड़ी सरौली से राजकीय महिला महाविद्यालय आने-जाने के लिए सरयू नहर के किनारे मार्ग बना है। इस मार्ग कच्चा है। बारिश के कारण इस मार्ग पर कीचड़ ही कीचड़ हो गया है। जिसके कारण लोग इस मार्ग से आना-जाना बंद कर दिए है। इस मार्ग पर राजकीय महिला महाविद्यालय है, ऐसे में छात्राओं को भी मार्ग बदल कर महाविद्यालय तक आने-जाने की मजबूरी है। इस क्षेत्र के निवासी शैलेंद्र श्रीवास्तव, राम प्रवेश आदि ने बताया कि कई बार पालिका प्रशासन से सड़क बनवाने की मांग की गई, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही मिला।
पूर्वी बंजरिया व मोतीनगर की सड़क पर जलभराव से बढ़ी परेशानी : शहर के पूर्वी बंजरिया और मोती नगर की सड़क जर्जर हो गई है। सड़क पर जगह- जगह बडे़-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश होने से इन गड्ढों में पानी भर गया है। जिससे आना-जाना मुश्किल हो गया है। कारण यह है कि गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क और गड्ढे में अंतर कर पाना संभव नहीं हो रहा है। जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।