सांथा की तरफ जाने वाली सड़क हुई जर्जर-संवाद
सांथा। मेंहदावल विकास खंड में संपर्क मार्गों की स्थिति बदहाल है। आधा दर्जन से अधिक मार्ग पूरी तरह से जर्जर हो चुके हैं, लेकिन उसकी मरम्मत नहीं हो सकी है। लोगों को गड्ढों से भरी सड़क पर आवागमन करना पड़ रहा है। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
सांथा के बेलवा मिश्र कुल्हड़िया मार्ग की स्थिति काफी खराब है। सड़क पूरी तरह से टूट चुकी है। सड़क पर गिट्टियां बिखर रही हैं, जिससे बाइक सवार फिसल जा रहे हैं। लोगों को इस सड़क पर चलने में काफी समस्या हो रही है। इसी प्रकार निघुरी बनेथू मार्ग पर बरसात होते ही पानी भर जाता है। सड़क के किनारे नाली निर्माण न होने से गांव का भी पानी इकट्ठा हो जाता है।
सड़क भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इस सड़क की मरम्मत भी नहीं हो पाई है। ग्रामीण फैज आलम, नूर मोहम्मद, अशफाक आदि लोगों ने कहा कि इस सड़क की स्थिति काफी खराब है। इस सड़क से यात्रा करना खतरे से खाली नहीं है। इसी प्रकार हंसनी बेलहर मार्ग में कई स्थानों पर गड्ढे में तब्दील हो चुकी है।
हल्की बरसात में ही यह सड़क ताल का रूप ले लेती है। पानी भर जाने के बाद भी इसी सड़क से यात्रा करने की मजबूरी है। ग्रामीण रामकुमार, शिवकुमार, पंकज सिंह का कहना है कि इस सड़क पर ज्यादातर समय पानी जमा रहता है। बाइक सवार इसी बीच से गुजरते हैं, जिससे गड्ढे का पता नहीं चलता। इससे अक्सर लोग गिरकर चुटहिल हो जाते हैं।
सड़क की मरम्मत भी हुई है, लेकिन सड़क के किनारे नाली नहीं है। चौराहे के पास सड़क का उच्चीकरण नहीं कराया गया। इससे समस्या जस की तस रह गई। अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग आरके पांडेय ने कहा कि ज्यादातर सड़कों का मरम्मत हो चुका है। जो सड़कें छुटी हुई है उनका भी जल्द मरम्मत करा दिया जाएगा।