संतकबीनगर। जिला मुख्यालय की सड़कों का चौड़ीकरण होने के बाद भी कई पोल सड़क की जद में आ गए हैं। ये पोल काफी जर्जर हो चुके हैं। इन बिजली के पोल को बदलने के लिए बिजली निगम कार्य करा रहा है, लेकिन पोल सड़क से नहीं हटाए जा रहे हैं, बल्कि बगल में ही नए पोल लगाकर तार लगा दिए जा रहे हैं। इससे आवागमन की समस्या बनी हुई है।
इन खंभों की आड़ में दुकानदार दुकानें सजा रहे हैं, जिससे अतिक्रमण की समस्या जस की तस बनी हुई है। लोगों का कहना है कि अगर पोल सड़क के किनारे शिफ्ट कर दिए जाएं तो काफी हद तक समस्या से राहत मिल सकती है।
शहर की आबादी करीब एक लाख से ऊपर पहुंच गई है। शहर 25 वार्डों में बंटा हुआ है। शासन के निर्देश पर शहर में एलटी लाइन को बदल कर केबिल के तार लगाए जा रहे हैं, साथ ही पोल भी बदले जा रहे हैं। हाईटेंशन लाइन के जो पोल जर्जर हो चुके हैं, उन्हें भी बदलने का कार्य शुरू कराया गया है, लेकिन पोल को बदलने में इस बात का ध्यान नहीं दिया जा रहा है कि इन्हें सड़क से हटाया जाए, बल्कि बगल में ही दूसरा पोल लगाकर तार लगा दिए जा रहे हैं। इससे शहर में जाम से निजात मिलने की उम्मीद नहीं दिख रही है।