सुचारु आवागमन के लिए पालिका ने क्षतिग्रस्त सड़क को कराया समतल
संतकबीरनगर। नगर क्षेत्र की सेंट थामस स्कूल तक जाने वाली सड़क पर सुचारु आवागमन के लिए नगर पालिका खलीलाबाद ने पहल की है। रविवार को नगर पालिका प्रशासन ने ईंटों के टुकड़े व राबिश डालकर अस्थायी रूप से आवागमन बहाल कराया। जर्जर हो चुकी इस सड़क पर जलभराव से आवागमन प्रभावित हो गया था।
नगर पालिका परिषद खलीलाबाद अंतर्गत नवसृजित क्षेत्र में आने वाले सेंट थॉमस स्कूल जाने वाली सड़क काफी क्षतिग्रस्त हो गई है। उस चलना मुश्किल हो गया था। इस मार्ग पर स्कूल है और छोटे-छोटे बच्चे प्रतिदिन इसी मार्ग से आते-जाते हैं। उन्हें काफी परेेशानी उठानी पड़ रही थी। साथ ही बच्चो गिरकर चोटिल हो भी रहे थे। इसको कुछ लोगों ने चेयरमैन श्याम सुंदर वर्मा के संज्ञान में लाया तो उन्होंने सड़क पर आवागमन सुगम बनाने के लिए ईंट के टुकड़े एवं राबिश गिराकर उसका अस्थायी समाधान कराने का प्रयास किया।
रविवार को इस मार्ग को काफी हद तक समतल कर दिया गया है। इससे बरसात में जाने वाले विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को राहत मिली है। नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा ने बताया कि सेंट थॉमस स्कूल जाने वाली सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। यह क्षेत्र नगर पालिका में शामिल हो गया है। इस सड़क की मरम्मत की कार्य योजना बनाई गई है। अस्थायी समाधान करा दिया गया है। इस दौरान दुर्गा पांडेय, मनोज सिंह, अश्वनी चौरसिया, हेमंत तिवारी, रविंद्र यादव, उमेश चौधरी आदि लोग उपस्थित रहे।