ट्रक में भिड़ी एंबुलेंस, चालक समेत दो घायल
कांटे। कोतवाली थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांटे चौराहे के पास रविवार की शाम को ट्रक में प्राइवेट एंबुलेंस भिड़ गई। हादसे में एंबुलेंस चालक समेत दो लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
कांटे चौकी इंचार्ज श्याम मोहन ने बताया कि रविवार की शाम को कांटे चौराहे से कुछ ही दूरी पर ट्रक चालक अपने वाहन को पीछे करके ट्रक को खलीलाबाद की तरफ ले जाना चाह रहा था। गोरखपुर से बस्ती की तरफ जा रही एंबुलेंस उस ट्रक में टकरा गई। दुर्घटना में एंबुलेंस चालक रमजान (25) और खलासी नूना राम (30) निवासी चुरू राजस्थान घायल हो गए। सूचना पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर कांटे चौकी के सिपाही मौके पर पहुंच गए और दोनों घायलों को एंबुलेंस से निकाल कर दूसरी एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया। कांटे चौकी इंचार्ज श्याम मोहन ने बताया घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।