संतकबीरनगर। बारिश का मौसम शुरू हो गया है, और अभी तक शहर की बदहाल सड़कों की दशा नहीं सुधर पाई है। स्थिति यह है कि शहर की प्रमुख सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। गिट्टियां उखड़कर बिखरी पड़ी हुई हैं, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है। बारिश में सड़कों पर बने इन गड्ढों में पानी भरेगा तो राहगीरों की दुश्वारियां बढ़ जाएंगी। इसको लेकर लोगों को चिंता बनी हुई है। इसके बाद भी जिम्मेदार सुध नहीं ले रहे हैं।
शहर के बिधियानी से रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाली सड़क जगह-जगह टूट गई है। कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। गिट्टियां उखड़कर बिखरी पड़ी हैं, जिसके कारण लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे गंभीर बात यह है कि इस मार्ग पर कई विद्यालय और कोचिंग सेंटर चलते हैं और इसी मार्ग से होकर बड़े वाहनों की भी आवाजाही होती है। ऐसे में दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बरसात के मौसम में गड्ढों में पानी भरेगा तो गड्ढे और सड़क में अंतर कर पाना संभव नहीं होगा, जिससे दुश्वारियां और बढ़ सकती हैं। ऐसी ही स्थिति नेदुला से लेकर विकास भवन तक जाने वाली सड़क की भी है।
नेदुला से आगे बढ़ने पर सड़क पूरी तरह से टूट गई है। जगह-जगह हुए गड्ढों के कारण राहगीरों को आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है। यहां नालियां नहीं बनी हैं, जिसके कारण लोगों के घरों से निकलने वाला पानी सड़क पर बहता है। अब जबकि बारिश की शुरुआत हो चुकी है तो गड्ढों में पानी भरेगा और लोगों की परेशानी बढ़ जाएगी।
शहर के विकास में अहम औद्योगिक क्षेत्र में भी सड़कों की दशा काफी खराब है। सड़क पर कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं। चूंकि यहां प्रतिदिन बड़े वाहनों की आवाजाही रहती है, ऐसे में सड़क के गड्ढे लोगों का दर्द बढ़ा रहे हैं। बारिश में जब इन गड्ढों में पानी भरेगा तो लोगों की पीड़ा और बढ़ जाएगी, लेकिन जिम्मेदार अब भी खामोश बैठे हैं। हालांकि औद्योगिक क्षेत्र में सड़कों की दशा सुधारने और अन्य कार्य के लिए करीब सहित 29 करोड़ की योजना बनाई गई है, लेकिन इस योजना पर कब अमल होगा, यह बताने वाला कोई नहीं है।
शहर के निवासी रामफेर, सुजीत कुमार, बृजेश वर्मा आदि ने कहा कि सड़कें काफी बदहाल है, जिसके कारण आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है। इन लोगों ने कहा कि बारिश का मौसम शुरू हो गया है, ऐसे में जब सड़कों पर बने गड्ढों में पानी भरेगा तो दुश्वारियां और बढ़ जाएंगी। लोगों ने तत्काल सड़क के मरम्मत की मांग की है।
000000000000000000000000000000000000
शहर की सड़कों की मरम्मत के लिए कार्य योजना तैयार की जा रही है। जल्द ही इसे स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा। जैसे ही बजट उपलब्ध होगा, शहर की सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। वैसे अभी मुख्य मार्गों की सड़कों को ठीक कराया जा रहा है।
-राकेश पांडेय, अधिशाषी अभियंता, लोक निर्माण विभाग