फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sant Kabir Nagar News: भाजपा मंडल अध्यक्ष की गिरफ्तारी को लेकर किया सड़क जाम

Sat, 24 Feb 2024 11:48 PM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, संत कबीर नगर
विज्ञापन
विज्ञापन
मेहदावल। 25 जनवरी को मारपीट में घायल 60 वर्षीय रामानंद साहनी की मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत का मामला उस समय गर्म हो उठा जब शव शुक्रवार को गांव पहुंचा। शनिवार की सुबह जब प्रशासन शव का दाह संस्कार करने में जुटा था तभी वार्ड के लोग भड़क उठे और आरोपी भाजपा मंडल अध्यक्ष की गिरफ्तारी पर अड़ गए। उसके बाद मेंहदावल खलीलाबाद मार्ग पर तुलसीपुर में सड़क जाम कर दिया। इस दौरान 15 मिनट तक मार्ग जाम रहा।
विज्ञापन


मेंहदावल नगर पंचायत के तुलसीपुर वार्ड की सभासद उत्तरा निषाद के पिता 60 वर्षीय रामानंद साहनी व गांव के ही पूर्व प्रधान तथा निकाय चुनाव के दौरान सभासद पद के प्रतिद्वंद्वी तथा भाजपा मेंहदावल पश्चिम मंडल के अध्यक्ष गंगा राम निषाद के बीच विवाद हो गया था। विवाद के दौरान मारपीट की घटना में निर्वाचित सभासद के पिता गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस केस दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान 22 फरवरी की रात इलाज के दौरान गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में रामानंद साहनी की मौत हो गई। परिजन गोरखपुर से शव लेकर जिला मुख्यालय स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। पीएम के बाद शुक्रवार की देर शाम शव घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। पूरा वार्ड पुलिस छावनी में तब्दील था।
शनिवार की सुबह से ही सीओ एसडीएम तथा कई थानों की फोर्स तुलसीपुर वार्ड में डेरा डाली थी। इसी दौरान परिजनों के साथ गांव के लोग शव लेकर मेंहदावल खलीलाबाद मार्ग पर बढ़ने लगे। जिससे अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प भी हुई। आक्रोशित महिलाओं ने पुलिस के ऊपर ईट तक उठा लिया। वीडियो बना रहे एक पुलिस कर्मी की पिटाई करने के साथ ही उसके मोबाइल को भी तोड़ दिया गया। मेंहदावल खलीलाबाद मार्ग पर तुलसीपुर के पास सड़क जाम करते हुए आरोपी भाजपा मंडल अध्यक्ष गंगाराम निषाद के गिरफ्तारी पर लोग अड़ गए। इस दौरान 15 मिनट तक सड़क जाम रहा।
विज्ञापन

आक्रोशित लोगों का कहना था कि पहले पुलिस आरोपियों को हिरासत में ले और जेल भेजें तथा पीड़ित परिवार को मुआवजा दे, तब दाह संस्कार किया जाएगा। इसी दौरान एएसपी शशि शेखर सिंह और एसडीएम अरुण कुमार की उपस्थिति में परिजनों से बात की गई। हत्या के मामले में नामजद जब सभी आरोपियों के गिरफ्तारी का आश्वासन दिया तथा दर्ज किए गए मुकदमे में गैर इरादतन हत्या की धारा के बढ़ोतरी की परिजनों की जानकारी दी। इसके साथ ही हर संभव मदद का आश्वासन दिया। तब जाकर लोग माने और दाह संस्कार करने को तैयार हुए। मामला शांत होने के बाद भी मृतक के घर के समीप स्थित प्राथमिक विद्यालय तुलसीपुर में पूरा प्रशासनिक अमला एएसपी तथा एसडीएम के नेतृत्व में मौके पर जमा रहा। गांव के लोगों से प्रशासनिक अधिकारियों ने शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील भी की।

पीएम रिपोर्ट का है पुलिस को इंतजार

मेंहदावल। पुलिस के लिए शनिवार का दिन काफी तनाव भरा रहा। नगर क्षेत्र के तुलसीपुर में सभासद के पिता की मारपीट के दौरान घायल होने तथा मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में इलाज के दौरान 25 दिन बाद मौत के कारण माहौल तनाव में आ गया। लेकिन, पुलिस प्रशासन ने सूझबूझ का परिचय दिया और अपर पुलिस अधीक्षक के आश्वासन के बाद मामले का पटाक्षेप हो गया। परिजनों ने दो बजे के बाद शव का दाह-संस्कार किया।

वही, पुलिस प्रशासन को मृतक के पीएम रिपोर्ट मिलने का इंतजार है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सच लोगों के सामने आ पाएगा। थानाध्यक्ष रामकृष्ण मिश्रा का कहना है घटना में आरोपी चार लोगों में एक जालंधर निषाद की गिरफ्तारी देर रात पुलिस ने कर ली है। तीन आरोपी फरार हैं, जिन्हें हिरासत में लेने के लिए पुलिस की टीम लगाई गई है। संभावित ठिकानों पर उनकी तलाश की जा रही है। गैर इरादतन हत्या की धारा बढ़ा दी गई है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा, और उसी अनुसार करवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें