बेलहर। विकास खंड बेलहरकला के ग्राम पंचायत मीरापुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में पेयजल व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। विद्यालय में आरओ लगाने के नाम पर 2 लाख 38 हजार 700 रुपये का भुगतान होने के बावजूद अब तक आरओ नहीं लगाया गया है। इससे विद्यालय के बच्चों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा नहीं मिल पा रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत की ओर से आरओ लगाने के लिए भुगतान किया जा चुका है लेकिन विद्यालय में अब तक इसकी व्यवस्था नहीं हुई। ऐसे में बच्चों को पीने के पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। सरकारी विद्यालयों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावों के बीच यह स्थिति जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है।
ग्रामीण राजीव कुमार ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, भुगतान का विवरण सार्वजनिक करने और विद्यालय में जल्द आरओ लगवाकर स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।
खंड विकास अधिकारी शैलेश कुमार मुरारी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराई जाएगी। जांच में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।