धनघटा तहसील क्षेत्र के गायघाट के पास कटान करती सरयू नदी।
- फोटो : KHALILABAD
सहमे हुए हैं एमबीडी बांध और नदी के बीच बसे गांवों के लोग
अमर उजाला ब्यूरो
हैंसर। धनघटा क्षेत्र में तुर्कवलिया नायक से गायघाट तक सरयू नदी कटान कर रही है। नदी का जलस्तर भी धीरे-धीरे बढ़ रहा है। इससे एमबीडी बांध और नदी के बीच बसे गांवों के लोग सहमे हुए हैं। गायघाट गांव का एक पुरवा नदी के निशाने पर है।
अगस्त में तीन बार घाघरा के जलस्तर में उतार चढ़ाव हो चुका है। बुधवार की शाम चार बजे सरयू नदी का जलस्तर तुकर्वलिया नायक गेज पर 78.50 मीटर पर था। वहीं बृहस्पतिवार शाम जलस्तर 15 सेंटीमीटर और बढ़ गया। जलस्तर की वृद्धि से अनुमान लगाया जा रहा है कि शुक्रवार के शाम तक नदी के किनारे के निचले हिस्सों में पानी भर जाएगा। वहीं तुर्कवलिया नायक, जगदीशपुर, भिखारीपुर, औराडाड़, रामपुर दक्षिणी, दौलतपुर, गायघाट, अशरफपुर आदि गांवों में खेत नदी के धारा में विलीन हो चुके हैं। कटान तेज होने से नदी गायघाट गांव के पुरवा सियाराम के 15 घरों के करीब तक पहुंच गई है। गांव वालों का कहना है कि यदि इसी तरह कटान होता रहा तो अगले दो से तीन दिन में ही उनके मकान नदी की धारा में विलीन हो जाएंगे। गांव के बबलू सिंह, रामशंकर, सीताराम, उमेश निषाद, कपिलदेव आदि का कहना है कि नदी की कटान से उनकी धान की फसल को नुकसान हुआ है। अब मकान भी नदी के निशाने पर हैं। एसडीएम प्रमोद कुमार का कहना है कि नदी के जल स्तर पर बराबर नजर रखी जा रही है। जहां जैसी जरूरत होगी वहां वैसी मदद करने की तैयारी पूर्ण कर ली गई है।