धनघटा। महुली के अलीपुर पुल के पास बुधवार की रात हुई दुर्घटना में घायल रितेश विश्वकर्मा बीआरडी मेडिकल काॅलेज में जीवन और मौत के साथ जूझ रहा है। जबकि देर शाम तक मृत पिता के शव के पोस्टमार्टम की कार्रवाई चल रही थी। वहीं पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
बस्ती जनपद के लालंगज थानाक्षेत्र के बाघापार निवासी भगवती प्रसाद विश्वकर्मा (40) अपने बेटे रितेश (13) के साथ 28 मई की रात में 10 बजे के करीब मोटरसाइकिल से अपने घर जा रहे थे। वह धनघटा थानाक्षेत्र के डेबरी में अपने रिश्तेदार के घर से शादी समारोह से लौट रहे थे। अलीनगर पुल के पास उनकी मोटरसाइकिल महुली की तरफ से आ रही एक बस से टकरा गई। इसमें भगवती की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पुत्र रितेश विश्वकर्मा की हालत गंभीर होने के चलते मेडिकल काॅलेज गोरखपुर भेज दिया गया।
उसके बड़े पिता मातादीन विश्वकर्मा बताते हैं कि उसे रह-रहकर उल्टियां आ रही हैं। इस मामले में मातादीन ने महुली थाने में दी तहरीर में लिखा है कि बुधवार की रात उनके भाई भगवती प्रसाद विश्वकर्मा पुत्र रामसूरत अपने बेटे के साथ घर लौट रहे थे। वह अलीनगर पुल से आगे बढ़े थे कि उसी दौरान सामने से आ रही बस के चालक ने लापरवाही पूर्वक व तेज रफ्तार बस चलाते हुए टक्कर मार दिया।
जिससे भाई भगवती प्रसाद विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनका 13 वर्षीय बेटा रितेश गंभीर रूप से घायल हैं। थानाध्यक्ष रजनीश राय ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर बस चालक पर केस दर्ज किया है।