- जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन पहुंच रहे करीब 50 मरीज
संतकबीरनगर। तापमान गिरने से ठंड बढ़ी है। इससे लोगों की नसें सिकुड़ने लगी हैं। ऐसे में रक्तचाप के मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है। जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन करीब 50 मरीज इससे पीड़ित पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि सर्दी में नाक की नसों पर दबाव पड़ने से रक्तस्राव का खतरा रहता है।
सर्दी शुरू होने से लोगों के स्वास्थ्य पर असर पड़ना शुरू हो गया है। इस मौसम में सजग न रहने पर लोगों को लापरवाही भारी पड़ सकती है। इस मौसम में नकसीर से पीड़ित भी मिलने लगे हैं। वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. एपी मिश्र ने बताया कि ब्लड प्रेशर के मरीजों में नकसीर की बीमारी अधिक होती है, क्योंकि नाक की नसें पतली होती हैं और दबाव पड़ने पर फट जाती हैं। इससे ब्लड आने लगता है। प्रतिदिन ओपीडी और इमरजेंसी में ब्लड प्रेशर के मरीज बढ़ रहे हैं। इमरजेंसी के कर्मियों ने बताया कि प्रतिदिन सात से आठ मरीज इलाज के लिए आते हैं।
रक्तचाप के मरीज बरतें ये सावधानी
- मीठा, नमकीन और खट्टा कम खाएं, सर्दियों में गुनगुनी धूप लें।
- अधिक ठंड में सुबह के समय दवा लेकर ही बाहर निकलें।
- संतुलित, पोषक और ताजा भोजन करें, शराब के सेवन से बचें।
ऐसे करें बचाव
- ब्लड प्रेशर की नियमित रूप से जांच कराएं।
- शरीर का वजन न बढ़ने दें।
- तनाव को दिमाग पर हावी न होने दें।
- मौसमी फल और हरी सब्जियां भरपूर मात्रा में खाएं।
- पानी का सेवन पर्याप्त मात्रा में करें।