धर्मसिंहवा। कस्बे से मेंहदूपार होते हुए अतरीनानकार जाने वाले मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे उगी झाड़ियों और जगह-जगह हुए रेनकट से राहगीरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सड़क किनारे उगी घनी झाड़ियों के कारण रेनकट से बने गड्ढे और क्षतिग्रस्त हिस्से दूर से दिखाई नहीं देते। ऐसे में अचानक गड्ढे सामने आने पर दोपहिया वाहन चालकों को संभलने का मौका तक नहीं मिलता। इससे हादसे की आशंका बनी हुई है।
बरसात के बाद मार्ग के कई हिस्सों में सड़क के किनारे मिट्टी कटने से गहरे रेनकट हो गए हैं। इन स्थानों पर अब झाड़ियां और घास उग आई हैं। झाड़ियों के पीछे छिपे गड्ढे वाहन चालकों को नजर नहीं आते। खासकर रात के समय स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है। पर्याप्त रोशनी और सड़क किनारे संकेतक नहीं होने से वाहन चालकों को क्षतिग्रस्त हिस्सों का अंदाजा नहीं हो पाता।
मार्ग के कई स्थानों पर झाड़ियां इतनी घनी हो गई हैं कि सामने से आने वाले वाहन भी समय रहते दिखाई नहीं देते। मोड़ वाले स्थानों पर खतरा और बढ़ जाता है। सड़क के किनारे झाड़ियों के फैलाव के कारण वाहनों के निकलने के लिए जगह कम हो गई है।