सेमरियावां। बीडीओ कार्यालय सेमरियावां में शनिवार को परियोजना निदेशक संजय कुमार नायक ने बीडीओ की मौजूदगी में ग्राम सचिवों के साथ बैठक की। इस दौरान मुख्यमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा की। बिना कारण बताए अनुपस्थिति रहे दो ग्राम सचिवों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना के सभी लाभार्थियों का पंजीकरण करने का निर्देश दिया।
परियोजना निदेशक ने बताया कि ब्लाॅक की 113 ग्राम पंचायत में 291 मुख्यमंत्री आवास योजना का लक्ष्य निर्धारित है। लक्ष्य के सापेक्ष 225 पात्र लाभार्थियों का चयन कर पंजीकरण किया गया है, जबकि शेष 66 लाभार्थियों का अभी तक चयन कर पंजीकरण नहीं किया जा सका है। 66 लाभार्थी अनुसूचित जाति तथा दैवीय आपदा से ग्रसित, दिव्यांग आदि का चयन कर पंजीकरण होना है। परियोजना निदेशक ने शेष पात्र लाभार्थियों का दो दिनों के भीतर चयन कर पंजीकरण कराने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री आवास के पंजीकरण में यदि किसी कारणवश गलती से अपात्र लोगों का नाम जुड़ गया है, तो इन्हें तत्काल हटाएं। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों के चयन में पूरी पारदर्शिता बरती जाए, ताकि किसी भी प्रकार से किसी अपात्र का चयन न हो। अगर किसी अपात्र के चयन की शिकायत मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
समीक्षा बैठक के दौरान ग्राम सचिव गुलाब चंद तथा शिवमूरत मौर्य बिना कारण बताए अनुपस्थिति पाए गए। परियोजना निदेशक ने नाराजगी जताई और अनुपस्थिति ग्राम सचिवों से तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। स्पष्टीकरण न देने की दशा में विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है।
इस दौरान संयुक्त बीडीओ ओ.पी.सिंह, ग्राम सचिव देव प्रताप सिंह, कुणाल सिंह, सुनीता मिश्रा, योगेंद्र कुमार गौड़ आदि मौजूद रहे।