जिला अस्पताल में मरीजों को परामर्श देते चिकित्सक।
संतकबीरनगर। वर्तमान में तेज धूप के साथ उमस बढ़ गई है, ऐसे में सांस संबंधी बीमारी को लेकर मरीज पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों के मुताबिक इस समय उमस तेज है। ऐसे में लोग सांस की समस्या आ जाती है, इसमें किसी तरह से लक्षण नहीं दिखते हैं लेकिन अचानक परेशानी बढ़ जाती है।
इसमें बच्चों के साथ ही 35 से अधिक उम्र के लोगों में इस तरह की समस्या देखने को मिल रही है। लोगों को दिनचर्या में थोड़ा बदलाव लाने की जरूरत है। मंगलवार को जिला अस्पताल में 1230 लोगों ने पर्चा बनवाया। इनमें ओपीडी में करीब 250 मरीज सर्दी-जुकाम, बुखार और कमजोरी से परेशान थे।
40 से अधिक मरीज पेट व शरीर में दर्द और 30 से अधिक मरीज डायरिया से पीड़ित मिले। इसके साथ ही 40 मरीज सांस की बीमारी से पीड़ित होकर आए। इस दौरान पर्चा जमा करने वाले स्वास्थ्यकर्मी ने बताया कि सांस से पीड़ित मरीजों में बच्चे ही नहीं, बड़े भी शामिल हैं।
बालरोग विशेषज्ञ डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि मौसम में बदलाव बुजुर्गों के साथ बच्चों पर भी भारी पड़ रहा है। तेज धूप से आकर ठंडा पानी पीने से गले में खराश और खांसी की शिकायत हो रही है। बताया जो लोग एसी में रहते हैं और अचानक निकलकर बाहर धूप में चले जा रहे हैं, वह बुखार की चपेट में आ रहे हैं। इसके साथ ही सांस लेने में दिक्कत आ रही है।
फिजिशियन डॉ. रामशंकर ने बताया कि गर्मी से बचने के लिए बाहर निकलते समय शरीर को ढंककर निकलें।