संतकबीरनगर। श्री राम जन्मभूमि प्राण प्रतिष्ठा उत्सव की द्वितीय वर्षगांठ पर बृहस्पतिवार को जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद के परिसर में स्वयंसेवक संघ तत्वावधान में विराट हिंदू समागम एवं समरसता भोज का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों ने सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना एवं राष्ट्रभाव को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।
मुख्य वक्ता एवं गोरक्ष प्रांत के प्रांत प्रचारक रमेश ने कहा कि श्री राम जन्मभूमि मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कई पीढ़ियों के संघर्ष, त्याग और तपस्या की प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का संपूर्ण जीवन मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यदि श्रीराम वन न गए होते तो वे मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम नहीं बनते। उन्होंने त्याग, धैर्य, कर्तव्य और सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने भारत की संस्कृति को विश्व में श्रेष्ठ बताते हुए कहा कि एक ही विद्यालय में समाज के प्रत्येक वर्ग के बालक-बालिकाओं का समान रूप से शिक्षा ग्रहण करना भारतीय संस्कृति की अद्वितीय विशेषता है। भारतीय सभ्यता में समरसता, सह-अस्तित्व और संस्कारों की परंपरा सदियों से रही है, जिसे आज और अधिक सशक्त करने की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बस्ती विभाग के विभाग प्रचारक ऋषि दीप, विभाग संघ चालक निर्मल, जिला प्रचारक धीरज, जिला संघ चालक राम गोपाल, जिला कार्यवाह सौरभ, नगर संघ चालक राजकुमार, जिला प्रचार प्रमुख दिग्विजय, सह नगर कार्यवाह रणधीर आदि मौजूद रहे।
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ कूड़ी लाल रुंगटा सरस्वती विद्या मंदिर इंटरमीडिएट कॉलेज की बहनों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गीत, नृत्य एवं भाव-प्रस्तुति के माध्यम से बहनों ने भारतीय संस्कृति, मर्यादा और श्रीराम के आदर्शों को प्रभावशाली ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने करतल ध्वनि से सराहा। अंत में समरसता भोज का आयोजन हुआ, जिसमें सभी वर्गों के लोगों ने सहभागिता की और सामाजिक एकता का संदेश दिया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष नीतू सिंह, सदर विधायक अंकुर राज तिवारी, सतविंदर पाल जज्जी, सतेंद्र राय, जगदंबा लाल श्रीवास्तव, राकेश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा के वर्षगांठ पर जूनियर हाईस्कूल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधि