संतकबीरनगर। जिले के तीनों तहसीलाें में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें 172 मामले आए, जिसमें से 22 का मौके पर निस्तारण किया गया। साथ ही 15 मामलों में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण के लिए टीमें भेजी गईं।
डीएम आलोक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए राजस्व विभाग सहित अन्य सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है।
डीएम ने शिकायत से संबंधित विभागीय अधिकारी को मौके पर बुला कर तत्काल निस्तारित करने अथवा भूमि विवाद एवं अन्य किसी विवाद की स्थिति में शिकायतकर्ता सहित सभी पक्षों की उपस्थिति में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही संपूर्ण समाधान दिवस का मुख्य लक्ष्य है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। मेंहदावल तहसील में विभिन्न संदर्भों से संबंधित कुल 64 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें से 12 प्रार्थनापत्रों का संबंधित राजस्व अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विभागीय अधिकारियों से प्रकरण की विस्तृत जानकारी लेते हुए तत्काल निस्तारित करवाया गया।
डीएम ने आठ प्रकरणों में स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण के लिए टीमें भेजी। शेष प्रकरणों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को हस्तांतरित करते हुए तत्काल कार्यवाही कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। कानून एवं व्यवस्था से संबंधित मामलों की सुनवाई अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने किया। उन्होंने थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले में मौके पर जाकर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुसार यह सुनिश्चित कराया जाए कि पीड़ित पक्ष को त्वरित न्याय मिल सके। इस दौरान सीएमओ डॉ. रामानुज कनौजिया, एसडीएम मेंहदावल संजीव राय, तहसीलदार अल्पिका वर्मा आदि उपस्थित रहे।
तहसील खलीलाबाद में संपूर्ण समाधान दिवस एडीएम वित्त एवं राजस्व जय प्रकाश की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। यहां कुल 54 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें से मौके पर छह प्रार्थना पत्रों का निस्तारण कराते हुए शेष प्रार्थना पत्रों को सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को हस्तांतरित करते हुए निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराए जाने का निर्देश दिया। पांच प्रकरणों में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण करने के टीम भेजने के लिए निर्देशित किया गया।
यहां सीओ सदर अमित कुमार, एसडीएम खलीलाबाद अरुण कुमार, तहसीलदार आनंद कुमार ओझा आद उपस्थित रहे।
धनघटा तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की सुनवाई सीडीओ जयकेश त्रिपाठी ने की। उन्होंने विभिन्न मामलों से संबंधित फरियादियों की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित अधिकारी-कर्मचारी को मामले के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद, जमीन की पैमाईश, अतिक्रमण, वरासत एवं खतौनी में किसी भी प्रकार के त्रृटियों से संबंधित शिकायतों को गंभीरतापूर्वक संबंधित कर्मचारी के साथ मौके की जांच कर एवं उभय पक्षों की बात को सुनते हुए नियमानुसार निस्तारित कराया जाए।
यहां कुल 54 प्रार्थना पत्र आए, जिसमें चार का निस्तारण करवाते हुए शेष को संबंधित विभाग के अधिकारियों को हस्तांतरित करते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराए जाने के निर्देश दिए। दो प्रार्थना पत्रों के सापेक्ष प्रकरणों में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण करने के लिए टीमें भेजी गई।